गोसाईंपुर रोड स्थित उप्पल पैलेस में शगुन समारोह में एक बार फिर चोरी की वारदात, अज्ञात पर केस दर्ज

भास्कर न्यूज | पठानकोट गोसाईंपुर रोड स्थित उप्पल पैलेस में चल रहे शगुन समारोह में दूल्हे की मां का सोने और पैसों से भरा बैग चोरी हो गया। परिवार के मुताबिक शगुन समारोह में एक युवक सज-धज कर पहुंचा था। इस दौरान डीजे पर नाच रहे रिश्तेदारों पर जैसे ही दूल्हे की मां सोफे से उठकर वारना करने गई तो युवक पर्स उठाकर रफूचक्कर हो गया। बताया जा रहा है कि युवक बाहर खड़े मोटरसाइकिल सवार साथी के साथ भाग निकला। दूल्हा पक्ष ने बैग गायब होने की जानकारी पैलेस संचालक और पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में जब पैलेस के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे चेक करवाने को कहा गया तो पैलेस संचालक ने सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग न होने और लाइव रिकार्डिंग की बात कही। जब समारोह में बुलाए गए कैमरामैन के कैमरे चेक किए तो उसमें छोटे कद का एक युवक पीली हुडी और जींस की पेंट डालकर शगुन समारोह में घूमता दिख रहा है। उक्त युवक न तो दुल्हन पक्ष की ओर था और न ही दूल्हा पक्ष का। बैग में एक सोने की अंगूठी, किट्‌टी सेट, 2 एयरिंग सोने के पड़े थे। इसके अलावा रिश्तेदारों द्व‌ारा दिए गए शगुन के लिफाफे थे। परिवार के मुताबिक उनके कुल 10 से 12 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं सुजानपुर पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दूल्हे पक्ष द्व‌ारा एक युवक पर शक जताकर वीडियो और फोटो दी गई है। उसका पुलिस पता करवा रही है। करीब 2 महीने पहले दिसंबर 2025 में गोसाईंपुर रोड स्थित इसी उप्पल पैलेस में चल रहे शादी समारोह में दुल्हे की मां का पर्स चोरी हो गया था। उसमें भी एक युवक सजधज कर पहुंचा था। जिसने समारोह में रिश्तेदारों से बातचीत कर रही दुल्हे की मां के पास जाकर चुपके से पर्स चुराकर अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया था। उस वक्त बाइक पर बैठे भागे युवक और उसके साथी की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आई थी। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। सुजानपुर थाने में छन्नी मुआला की रहने वाली महिला परसिन देवी के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। महिला के मुताबिक पर्स में डेढ़ लाख रुपए नकद, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक सोने की बालियों का जोड़ा था। अशंका जताई जा रही है कि इन्हीं युवकों ने पैलेस में अब दूसरी वारदात को अंजाम दिया है। दूल्हे के पिता भदरोआ निवासी कुलदीप चंद जानकारी देते, (दाएं) कैमरामैन के कैमरे में कैद वीडियो सजधज कर पहुंचे युवक पर शक जताकर पुलिस को सौंपी गई, जो बैग चोरी होने के बाद नहीं दिखा। बिजली बोर्ड से रिटायर्ड पठानकोट के भदरोआ के रहने वाले कुलदीप चंद ने बताया कि उनके बेटे रजत शर्मा की शादी के चलते बीते कल गोसाईंपुर रोड स्थित उप्पल पैलेस में शगुन समारोह था। जब लोग शगुन दे रहे थे, तब उन्होंने बैग पकड़ा हुआ था। शगुन समारोह में लड़की वालों ने उसके बेटे रजत शर्मा को एक सोने की अंगूठी, 2 जोड़ी सोने के टाप्स दिए थे। रिश्तेदारों और लोगों ने शगुन डाले थे जो बैग में रखे थे। इस दौरान उन्होंने छोटे से कद के एक युवक को आसपास घूमते देखा। इसके बाद बैग को पत्नी अरुणा शर्मा को पकड़ा दिया। शाम 4 बजे डीजे पर रिश्तेदार नाच रहे थे। उनकी पत्नी सोफे पर बैग लेकर बैठी थी। वह रिश्तेदारों पर पैसों का वारना करने गई तो बैग चोरी हो गया। जब पैलेस में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज न मिलने पर शगुन समारोह में लगाए कैमरामैन के कैमरे चेक किए तो उसमें छोटे से कद का एक युवक सजधज कर उनके पीछे लगातार घूमते फोटो और वीडियो में दिखा। कुलदीप चंद का कहना है कि उसी युवक ने उनका सोने और शगुन वाले पैसों से भरा बैग चोरी किया है। परिवार का आरोप है कि पूछने पर संचालक ने बताया कि पैलेस के अंदर और बाहर 12 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। जब फुटेज चेक करवाने को कहा तो उन्हें रिकार्डिंग न होने की बात कही गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *