भास्कर न्यूज | मालेरकोटला जिला बाल सुरक्षा अधिकारी हरप्रीत कौर संधू के दिशा-निर्देशों के तहत प्रोजेक्ट जीवन ज्योत 2.0 के तहत मालेरकोटला में बच्चों को भिक्षावृत्ति से बचाने और उनके कल्याण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान बाल विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न बाजारों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर निरीक्षण कर बाल भिक्षावृत्ति से जुड़े मामलों की जांच की। चेकिंग के दौरान बाजार में दो बच्चे भीख मांगते हुए पाए गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाल विभाग की टीम ने बच्चों से संवेदनशील तरीके से बातचीत की और उन्हें चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सुपुर्द किया गया। यहां विशेषज्ञों द्वारा बच्चों की काउंसलिंग की गई और उनके पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी ली गई। बाद में बच्चों को उनके माता-पिता के हवाले करते हुए सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में बच्चों से भीख मंगवाने पर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बाल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियानों का उद्देश्य बच्चों को सड़कों पर भिक्षावृत्ति और अन्य जोखिम भरी परिस्थितियों से बचाकर शिक्षा और सुरक्षित वातावरण से जोड़ना है। आम लोगों से भी अपील की गई कि बच्चों को भीख देने के बजाय चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित बनाया जा सके। इस मौके पर बाल सुरक्षा अधिकारी मुबीन कुरैशी, थाना प्रभारी बलवीर सिंह, पार्षद रविंदर कौर, शिक्षा विभाग से कुलवीर सिंह, केस वर्कर इम्तियाज अहमद और मीडिया सहायक परगट सिंह मौजूद रहे।


