भास्कर न्यूज | लहरा पोषण भी-पढ़ाई भी अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की क्षमता वृद्धि के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसके तहत लहरागागा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए दूसरे प्रशिक्षण बैच की शुरुआत की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रदीप सिंह गिल ने बताया कि 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पोषण और प्रारंभिक शिक्षा दोनों पर समान रूप से विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के स्वास्थ्य और शुरुआती शिक्षा की मजबूत नींव होते हैं। प्रशिक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली, बच्चों की पोषण स्थिति की निगरानी, प्रारंभिक बाल शिक्षा, खेल का महत्व, खेल आधारित शिक्षण पद्धतियां तथा बाल केंद्रित गतिविधियों पर जानकारी दी जा रही है, ताकि बच्चों को स्वस्थ और शिक्षित बनाया जा सके। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि संगरूर के विभिन्न ब्लॉकों में प्रशिक्षण बैच बनाए हैं। लहरागागा ब्लॉक में दो बैचों में प्रशिक्षण कराया जा रहा है, जिसमें पहला बैच पूर्ण हो चुका है और दूसरे बैच की शुरुआत आज की गई है। सीडीपीओ नेहा सिंह द्वारा प्रशिक्षण की निगरानी की गई। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यक्षमता में सुधार आएगा और बच्चों के पोषण एवं शिक्षा स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।


