मांगों को लेकर अध्यापक 9 फरवरी को करेंगे डीईओ ऑफिस का घेराव

भास्कर न्यूज | पटियाला एलिमेंट्री टीचर यूनियन यूनिट की मीटिंग जिला अध्यक्ष मनोज घई की अध्यक्षता में हुई। मीटिंग में 9 फरवरी को जिला शिक्षा ऑफिस पर होने वाले धरने की तैयारियों पर चर्चा की गई। मीटिंग में नेताओं की ओर से बताया गया कि 9 तारीख को अनिश्चित समय के लिए ऑफिस का घेराव किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से संगठन की जायज मांगों के प्रति जिला शिक्षा अधिकारी का रवैया निराशाजनक रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी हर मुद्दे पर टालमटोल वाला रवैया अपनाती हैं। संगठन इस बात से नाराज है कि उन्होंने जिले के हेड टीचरों द्वारा अपनी सीनियरिटी ठीक करने के लिए दिए गए आवेदनों पर कोई कार्रवाई नहीं की और जिले के सीएचटी की सीनियरिटी लिस्ट अभी तक रिवाइज कर जारी नहीं की है। इस वजह से ज़िले में एचटी और सीएचटी के प्रमोशन नहीं हो पाए हैं। जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा डीपीआई ऑफिस को हेड टीचर गुरमीत सिंह, जो 80 परसेंट दिव्यांग हैं, को 2022 से प्रमोशन का फायदा देने के लिए लेटर जारी करने के बावजूद उन्हें इसका लाभ नहीं दिया जा रहा है। ऐसी ही कई और मांगें को लेकर संगठन धरना देगा। संगठन के नेता मनजीत सिंह, अवतार मान और जगमोहन सिंह ने साथियों को बताया कि संगठन जल्द ही शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस के साथ मीटिंग करेगा और उन्हें उन सभी मांगों के बारे में बताएगा, जिन्हें जिला शिक्षा अधिकारी ने जानबूझकर रोक रखा है। इस मौके पर जनरल बीसी टीचर्स फोरम के जनरल सेक्रेटरी प्रवीण कुमार शर्मा और गजटेड एंड नॉन-गजटेड एससीबीसी इम्प्लॉयज वेलफेयर फेडरेशन पंजाब पटियाला के जिला अध्यक्ष सुखविंदर सिंह काली ने विरोध को अपना पुरजोर समर्थन देने का ऐलान किया। इसके अलावा नितिन वर्मा, संजीव कौशिक, जसविंदर बातिश, गुरमीत सिंह मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *