भगवान राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 22 फरवरी को, बैनर का विमोचन

भास्कर न्यूज | बाड़मेर बाड़मेर में नागा संत सीताराम आश्रम के देवलोक संत सीताराम महाराज के सूक्ष्म सानिध्य एवं सीताराम सेवा संस्थान के संरक्षक सियारामदास महाराज के सानिध्य में बाड़मेर के प्रथम राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति के सचिव आनंद पुरोहित ने बताया कि गंगागिरी मठ में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा आयोजन के प्रचार कि लिए बैनर का विमोचन महंत खुशालगिरी महाराज एवं संत सीताराम महाराज की ओर से किया गया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पालीवाल, समिति अध्यक्ष गंगाविशन अग्रवाल, युवा नेता दीपक कड़वासरा तथा जिला उपाध्यक्ष रमेशसिंह इंदा उपस्थित रहे। बैनर विमोचन के दौरान महंत खुशालगिरी महाराज ने कहा कि भगवान राम समस्त सनातनी हिंदुओं के आराध्य हैं, जिनका स्मरण हम जन्म से मृत्यु तक करते हैं। उन्होंने कहा कि जब कार्य भगवान राम के मंदिर से जुड़ा हो तो बाड़मेर का प्रत्येक सनातनी स्वयं को राम की सेना का अंग मानकर तन, मन और धन से सहयोग करे, यही हमारा कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि बाड़मेर का समस्त संत समाज इस पुनीत कार्य में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। वहीं संत सियारामदास महाराज ने बाड़मेरवासियों से अपील की कि जिस प्रकार अयोध्या धाम में राम मंदिर निर्माण में सभी ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया, उसी प्रकार यहां भी श्रद्धा भाव से इस आयोजन को भव्य बनाया जाए। समिति अध्यक्ष गंगाविशन अग्रवाल ने कहा कि प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को भी रामभक्तों के साथ उत्सव के रूप में संपन्न कराने में सहयोग करें। मीडिया प्रमुख रमेशसिंह इन्दा ने बताया कि 20 फरवरी को गणेश पूजा, 21 को शोभायात्रा एवं कलश यात्रा तथा 22 फरवरी को मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा, संतों एवं भामाशाहों का सम्मान तथा महाप्रसादी होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *