भास्कर न्यूज | जामताड़ा नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) एवं जामताड़ा नगर पंचायत के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त सामान्य प्रेक्षकों का जामताड़ा आगमन हो गया है। निर्वाचन प्रक्रिया के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रेक्षकों ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) के लिए सामान्य प्रेक्षक के रूप में संजय पाण्डेय को प्रतिनियुक्त किया गया है। वे परिसदन जामताड़ा के सभाकक्ष में सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक आम नागरिकों, प्रत्याशियों एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें एवं सुझाव सुनेंगे। वहीं जामताड़ा नगर पंचायत के लिए सामान्य प्रेक्षक के रूप में श्री विभूति मंडल की नियुक्ति की गई है, जो इसी समय एवं स्थान पर लोगों से संवाद करेंगे। सामान्य प्रेक्षक चुनाव से संबंधित आचार संहिता के अनुपालन, मतदान प्रक्रिया की निगरानी तथा शिकायत निवारण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे। जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं एवं प्रत्याशियों से निष्पक्ष चुनाव में सहयोग करने की अपील की है। नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग पूरी तरह सतर्क है तथा सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जा रही हैं।


