दो नई रेल लाइनों का निर्माण इसी वर्ष शुरू होगा रांची रेलवे स्टेशन के साउथ गेट साइड पर प्लेटफॉर्म नंबर-6 का निर्माण तेजी से पूरा हो रहा है। नए प्लेटफॉर्म के बनते ही न सिर्फ पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें गुजरेंगी, बल्कि मालगाड़ियां भी अब लाइन नंबर-8 से होकर गुजर रही हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार अगले वित्त वर्ष की शुरुआत, यानी अप्रैल के पहले सप्ताह से प्लेटफॉर्म-6 पूर्ण रूप से चालू हो जाएगा। प्लेटफॉर्म का निर्माण आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जा रहा है और इसे प्लेटफॉर्म नंबर-1 से भी बड़ा बनाया गया है। साउथ साइड के प्लेटफॉर्म के शुरू होते ही नॉर्थ साइड में भी स्टेशन के रिडेवलपमेंट का काम शुरू किया जाएगा, जिसमें पुरानी और जर्जर इमारतों को हटाकर नई और आधुनिक संरचनाएं तैयार की जाएंगी। इसके साथ ही स्टेशन परिसर में दो नई रेल लाइनों का निर्माण भी इसी वर्ष शुरू होगा, जिससे ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की प्रक्रिया में सुधार होगा और स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन आसान होगा। प्लेटफॉर्म-6 के बनने से डोरंडा, हिनू, सेक्टर-2, निवारणपुर, एजी कॉलोनी, मेकॉन, धुर्वा, हटिया, एयरपोर्ट रोड और सिंह मोड़ से आने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। यात्रियों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी : डीआरएम
रांची रेल मंडल के डीआरएम करुणानिधि सिंह ने बताया कि प्लेटफॉर्म- 6 नंबर का निर्माण पूरा करने का कार्य तेजी से चल रहा है। नॉर्थ साइड प्लेटफॉर्म- 6 के शुरू होते ही रेलवे स्टेशन के नॉर्थ साइड क्षेत्र में रिडेवलपमेंट शुरू कर दिया जाएगा। यह ध्यान रखा जाएगा कि यात्रियों को काई असुविधा ना हो। इधर, अतिरिक्त रेल लाइन के निर्माण से ट्रेनों के संचालन में सुविधा होगी। इससे रांची से नए गंतव्य के लिए ट्रेन सेवाएं शुरू की जा सकेंगी और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। 3.5 किमी की दूरी कम घट जाएगी साउथ साइड से प्लेटफॉर्म- 6 के तैयार हो जाने से डोरंडा, हिनू, सेक्टर-2, निवारणपुर, एजी कॉलोनी, मेकॉन, धुर्वा, बिरसा चौक, एयरपोर्ट रोड, सिंह मोड़ और हटिया की ओर से आने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इस दिशा से आने वाले यात्रियों को अब करीब साढ़े तीन किलोमीटर कम दूरी तय करनी पड़ेगी। साथ ही डोरंडा से ओवरब्रिज व स्टेशन रोड पर लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी। इससे यात्रियों का लगभग 20 मिनट का समय बचेगा। इससे न सिर्फ आवागमन आसान होगा, बल्कि ट्रैफिक दबाव में भी कमी आएगी। स्टेशन में होंगी 10 रेल लाइन रांची रेलवे स्टेशन पर वर्तमान में 8 रेल लाइन हैं। नई योजना के तहत दो अतिरिक्त लाइन और जोड़ी जाएंगी, जिससे कुल रेल लाइनों की संख्या 10 हो जाएंगी। दो नई रेल लाइन प्लेटफॉर्म 5 और 6 के बीच बिछाई जाएंगी। ये होंगे लाभ… स्टेशन की भीड़-भाड़ और ट्रेनों का संचालन बेहतर होगा। कुछ ट्रेनों को नए प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट कर भीड़ प्रबंधन में राहत मिलेगी। राजधानी, गरीब रथ जैसी ट्रेनें भी इस प्लेटफॉर्म पर रुकेंगी। नई रेल लाइन बनने से कई अतिरिक्त ट्रेनें भी आ सकेंगी। रेल लाइनें और प्लेटफॉर्म तैयार हो जाने के बाद ट्रेनें आउटर में नहीं रुकेंगी।


