बाड़मेर जिले के सेड़वा कस्बे में एक खंडर पड़े कमरे में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर सेड़वा हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया गया। पुलिस ने एफएसएल और एमओबी टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए। वहीं पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सेड़वा कस्बे के मुख्य बाजार में सोनड़ी गांव जाने वाले सड़क मार्ग पर एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। जानकारी मिलने पर चौहटन डीएसपी जीवनलाल खत्री मौके पर पहुंचे। सेड़वा पुलिस भी पहुंची। मौका मुआयना कर हालातों का जायजों लिया। वहीं पुलिस ने एफएसएल और एमओबी टीम को बाड़मेर से बुलाया। टीम ने पहुंचकर मौके से सबूत जुटाए है। पुलिस ने शव को सेड़वा हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया है। डीएसपी जीवनलाल खत्री ने बताया- युवक की शिनाख्त दिनेश विश्नोई निवासी चिचड़ासर के रूप में हुई है। फिलहाल परिजन पहुंच गए है। उनसे युवक के बारे में पूछताछ की जा रही है। युवक की बॉडी पर किसी प्रकार की कोई चोट नजर नहीं आई है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल जांच पड़ताल की जा रही है।


