भारतीय सेना और वायु सेना के 100 से अधिक सैनिकों ने अल्बर्ट हॉल से जवाहर सर्किल तक 20 किलोमीटर के साइकिल अभियान में भाग लिया। यह आयोजन भारतीय सेना की सप्त शक्ति कमान की CHO LA वॉरियर्स बटालियन की ओर से हिंदायन एनजीओ के सहयोग से आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य शारीरिक फिटनेस और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देना था। मीडिया समन्वयक नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि यह अभियान सुबह 6:30 बजे अल्बर्ट हॉल से शुरू हुआ, जिसमें सैनिकों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। साइकिल यात्रा पत्रिका गेट तक पहुंचने के बाद वापस अल्बर्ट हॉल पर सुबह 8 बजे सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस आयोजन का समग्र समन्वय लेफ्टिनेंट कर्नल विक्रम सिंह योगी द्वारा किया गया और CHO LA वॉरियर्स बटालियन की टीम ने इसे सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया। बटालियन की उत्कृष्ट योजना और अनुशासन ने इस अभियान को सफल और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अभियान के माध्यम से भारतीय सेना और वायु सेना ने न केवल फिटनेस और अनुशासन का परिचय दिया। बल्कि आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण और साइकिल चलाने की आदत अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। बटालियन ने इस आयोजन को लेकर कहा कि यह साइकिल अभियान हमारी सेना के धैर्य, अनुशासन और संकल्प का प्रतीक है। हम हिंदायन एनजीओ के सहयोग के लिए आभारी हैं, जिन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


