बालावाला-लाखना सड़क पर गहरे गड्‌ढों से हादसे की आशंका, जेडीए-पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से बढ़ी परेशानी

भास्कर न्यूज| पंवालिया सांगानेर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत लाखना में जेडीए और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों की लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। बालावाला गांव बीसलपुर परियोजना एलएनटी सड़क मार्ग के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए लगातार परेशानी का कारण बने हुए हैं। वाहन चालकों ने बताया कि जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाइवे से बालावाला गांव होते हुए लाखना पंचायत की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर पिछले करीब पांच महीनों से गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इन गड्ढों से निकली रोड़ी सड़क पर फैल जाने से दुपहिया वाहन चालकों को फिसलन का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को गंदे पानी के बीच से गुजरने की मजबूरी बनी हुई है। रात के समय सड़क पर बने गहरे गड्ढे दिखाई नहीं देने से अब तक एक दर्जन से अधिक दुपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। वहीं लाखना गांव में स्थित जिंद बाबा के स्थान पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन गांवों के संग शिविर में सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लिखित ज्ञापन देने के साथ कई बार अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। इस सड़क मार्ग से रोजाना लाखना, जाटावाला, वाटिका, सीतारामपुरा, श्रीरामपुरा, डाबला सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। जल्द गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई तो जेडीए अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं इस संबंध में सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता लोकेश शर्मा ने बताया कि यह सड़क अब जेडीए के अधीन है, इसलिए इसका कार्य जेडीए के अधिकारी ही कराएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *