भास्कर न्यूज | गढ़वा नगरपालिका (आम) चुनाव–2026 के तहत नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया बुधवार को संपन्न हो गई। नामांकन की अंतिम तिथि पर जिले की एक नगर परिषद एवं दो नगर पंचायतों को मिलाकर अध्यक्ष पद के लिए आज कुल 15 तथा वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 100 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। अंतिम दिन नामांकन काउंटरों पर प्रत्याशियों व उनके समर्थकों की काफी भीड़ देखी गई, जिससे दिनभर चुनावी माहौल बना रहा। नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद एक नगर परिषद व दो नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए कुल 35 नामांकन हुआ। इसमें गढ़वा से 14, बंशीधर नगर से 12 व मझिआंव से 9 प्रत्याशियों ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। नगर परिषद गढ़वा में अध्यक्ष पद के लिए आज सर्वाधिक 11 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 31 नामांकन पत्र जमा हुए। नगर परिषद क्षेत्र में अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज रही और प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ-साथ कई निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी दावेदारी पेश की है। समर्थकों के साथ नामांकन करने जाते अनिल पांडेय। नगर पंचायत श्री बंशीधर नगर में अध्यक्ष पद के लिए मात्र 1 नामांकन पत्र दाखिल किया गया, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 34 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। अध्यक्ष पद पर एक ही प्रत्याशी के नामांकन से यहां मुकाबला फिलहाल एकतरफा प्रतीत हो रहा है, हालांकि नामांकन पत्रों की जांच और संभावित नाम वापसी के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। नगर पंचायत मझिआंव में अध्यक्ष पद के लिए 3 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 35 नामांकन हुए। यहां वार्ड स्तर पर मुकाबला रोचक होने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि अधिकांश वार्डों में एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। नामांकन पत्रों की जांच निर्धारित तिथि को की जाएगी, जिसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके उपरांत अंतिम रूप से चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब चुनावी गतिविधियां और तेज हो गई हैं। प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान शुरू करने की तैयारी में जुट गए हैं। जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।


