जर्जर नालियां, खराब सड़कें और जहां-तहां गंदगी के ढेर से शहरवासी परेशान

भास्कर न्यूज |गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 7, 8 और 9 में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। इन तीनों वार्डों में जर्जर नालियां, खराब सड़कें और नियमित सफाई का अभाव सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है। खासकर बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। कई इलाकों में नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगता है, जिससे मोहल्लेवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर नगर निगम टैक्स के नाम पर नियमित रूप से राशि वसूल रहा है, वहीं दूसरी ओर बुनियादी सुविधाएं जमीन पर नजर नहीं आतीं। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से शीघ्र जर्जर नालियों और सड़कों की मरम्मत, नियमित सफाई व्यवस्था तथा पेयजल व प्रकाश की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए विवश होंगे। पेयजल आपूर्ति भी कई इलाकों में अनियमित है, जिसके कारण लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ता है या निजी साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इसके अलावा कई गलियों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने से शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ जाती हैं। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जर्जर नालियों और सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, नियमित सफाई अभियान चलाया जाए तथा पेयजल और स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे संगठित होकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि जिम्मेदार अधिकारी समस्या की गंभीरता को समझते हुए जल्द ही आवश्यक कार्रवाई करेंगे। वार्ड नंबर 7 : महीने में एक बार आते हैं सफाईकर्मी वार्ड संख्या 7 के स्थानीय निवासियों विकास यादव, सनोज साव, नितु यादव, पवन पाठक, निरंजन सिन्हा, शंभु स्वर्णकार सहित अन्य लोगों ने बताया कि विश्वकर्मा गली में सफाई कर्मी महीने में केवल एक बार आते हैं। इलाके में पानी का नियमित कनेक्शन उपलब्ध नहीं है और नालियों की सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी गलियों में बहता रहता है। उन्होंने बताया कि गौश बाबा गली में वर्षों से नाली की सफाई नहीं हुई है, जिससे साल भर नाली का पानी सड़क पर बहता रहता है और दुर्गंध के कारण रहना मुश्किल हो गया है। वार्ड नंबर 8 : इलाके में गंभीर पेयजल संकट वार्ड संख्या 8 के सिराज अंसारी, बबलू अंसारी, नफीस अंसारी, शमीम अंसारी, आजाद अंसारी सहित अन्य लोगों ने बताया कि उनके इलाके में पेयजल की गंभीर समस्या है। लोगों को मजबूरी में पानी खरीदकर पीना पड़ता है। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट तो लगी हुई हैं, लेकिन अधिकांश खराब पड़ी हैं, जिससे रात के समय अंधेरा बना रहता है। सफाई कर्मियों पर भी उन्होंने लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि वे कभी-कभार आते हैं और इधर-उधर थोड़ी सफाई कर औपचारिकता निभाकर चले जाते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *