टोंक | यूनानी मेडिकल कॉलेज में प्री-यूनानी डे के अवसर पर शैक्षणिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली एवं पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों ने निरोगी जीवन और स्वास्थ्य जागरूकता का प्रभावी संदेश रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से कैंसर जागरूकता, हृदयाघात (हार्ट अटैक), जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों एवं उनके रोकथाम के उपायों को आकर्षक रूप से चित्रित किया। पोस्टर प्रेजेंटेशन में छात्रों ने घरेलू नुस्खों के दैनिक उपयोग, नजला-जुकाम के प्राकृतिक उपचार, औषधियों के सुरक्षित एवं उचित प्रयोग तथा दवाओं के संभावित दुष्प्रभावों पर ज्ञानवर्धक पोस्टर तैयार किए। कार्यक्रम में कॉलेज प्राचार्य डॉ. मोहम्मद इरशाद खान, मीडिया प्रभारी डॉ. सरफराज अहमद ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों में रचनात्मकता विकसित करने के साथ समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाना था। निर्णायक मंडल में डॉ. मोहम्मद अकमल, डॉ. हिना जफर, डॉ. जोहरा जबी, डॉ. युसरा एवं डॉ. मुनाजिर शामिल रहे, जिन्होंने प्रस्तुति, विषय की प्रासंगिकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं सामाजिक संदेश के आधार पर निष्पक्ष मूल्यांकन किया। कार्यक्रम ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के साथ रचनात्मकता को बढ़ावा दिया।


