भास्कर न्यूज | रिगनी-खरौद आदर्श ग्राम पंचायत गोधना के मिलन चौक में स्थानीय विद्युत विभाग की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि घासीराम कश्यप, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि जनपद पंचायत नवागढ़ और प्राधिकृत अधिकारी शिवरीनारायण थे। विशिष्ट अतिथियों में लोकेश शुक्ला (मंडल अध्यक्ष), अजय साहू (सरपंच गोधना), चंदराम साहू (प्राधिकृत अधिकारी गोधना), बसंत साहू (उपसरपंच गोधना), रमेश साहू (जनपद सभापति) सहित विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि घासीराम कश्यप ने कहा कि जैसे देश के सैनिक 24 घंटे सीमाओं की सुरक्षा करते हैं, उसी तरह बिजली विभाग के कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर लोगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने विभाग द्वारा पिछले 25 वर्षों में किए गए बुनियादी ढांचे के विकास, गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने, तकनीकी सुधार और उपभोक्ता सेवाओं में बेहतर काम की सराहना की। विभागीय अधिकारियों ने भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। सहायक यंत्री आशीष लहरे ने बताया कि जांजगीर जिले में 25 वर्षों में उपभोक्ताओं की संख्या में दो लाख से ज्यादा वृद्धि हुई है। विभाग ने बिजली लाइन, ट्रांसफार्मर और कनेक्शन की संख्या बढ़ाकर उपभोक्ताओं की जरूरतों को पूरा किया है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली बिल योजना के पहले पांच हितग्राहियों राधेश्याम, संधव राम, अयोध्या प्रसाद, रंगनाथ, रामानंद, गौतम रत्नाकर और दिलेश्वर काटले का सम्मान किया गया।


