आधी रात को भाजपा विधायक का थाने पर छापा:कांग्रेस विधायक ने अफसर को कहा- जेल भेज दूंगा; सिंधिया ने खीर खा रहे नेता को टोका

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। अचानक थाने पहुंच गए विधायक, सोते मिले पुलिसकर्मी
विदिशा जिले के सिरोंज से भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा आधी रात को अपने क्षेत्र के आनंदपुर थाने पहुंच गए। वहां उन्होंने देखा कि पूरा थाना ही गहरी नींद में था। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो विधायक ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया है। विधायक ने खुद थाने का गेट खोला और अंदर दाखिल हुए। थाने में तैनात पुलिसकर्मी सोते मिले, जबकि थानेदार मौके पर मौजूद नहीं थे। विधायक ने पूरे थाने का मुआयना किया और एक-एक कमरे में गए, लेकिन सो रहे सिपाही की नींद तक नहीं खुली। बाद में विधायक ने खुद सिपाही को जगाया और पूछा- मुझे पहचानते हो? मैं विधायक हूं। अपने थानेदार को बुलाइए। थानेदार के पहुंचने पर विधायक ने उन्हें जमकर फटकार लगाई। विधायक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में कोई भी थाने में घुसकर लूटपाट कर सकता है और यहां रखे हथियार तक ले जा सकता है। उन्होंने इस मामले की शिकायत एसपी और एसडीओपी से करने की बात कही। खास बात यह है कि भले ही कुछ लोग इसे विधायक का पब्लिसिटी स्टंट बता रहे हों, लेकिन सच यह भी है कि नेता जी ने पुलिस की लापरवाही उजागर करने के साथ-साथ अपनी ही सरकार में कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। कांग्रेस विधायक की अफसर को जेल भेजने की चेतावनी
श्योपुर से कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने शिवराज सिंह चौहान को चेतावनी दी है कि वे उन्हें जेल भेज देंगे और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे। ये वाले शिवराज सिंह चौहान कोई केंद्रीय मंत्री नहीं, बल्कि श्योपुर नगर पालिका के अकाउंटेंट हैं। दरअसल, नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों को पिछले तीन–चार महीनों से वेतन नहीं मिला है। इसी वजह से कर्मचारियों ने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। वेतन की मांग को लेकर कर्मचारी कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का वेतन रोकना अमानवीय है। साथ ही उन्होंने नगर पालिका को विधायक निधि से दिए गए 15 लाख रुपये का हिसाब भी मांगा। विधायक ने कहा कि यदि चार दिनों के भीतर हिसाब नहीं दिया गया तो अकाउंटेंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने अकाउंटेंट शिवराज सिंह को जेल भेजने की चेतावनी भी दी। अब लोग कह रहे हैं कि भले ही सफाई कर्मचारियों की समस्या का अभी समाधान नहीं हुआ है, लेकिन उनके प्रदर्शन में शामिल होकर कांग्रेस विधायक ने अपनी राजनीति जरूर चमका ली है। बिजली कंपनी का कारनामा, कांग्रेस ने दिखाई गांधीगीरी
भोपाल में बिजली कंपनी ने एक अजीबोगरीब कदम उठाया है। एक परिवार के घर के बाहर बंदूकधारी गार्ड की तैनाती कर दी गई। इससे नाराज़ कांग्रेस नेताओं ने गांधीगीरी का रास्ता अपनाया और गार्ड को माला पहनाकर सम्मानित किया। दरअसल, बिजली कंपनी ने बिना कनेक्शन के बावजूद एक परिवार को 1 लाख 76 हजार रुपये का बिजली बिल थमा दिया। राशि जमा न करने पर घर की बिजली काट दी गई। इतना ही नहीं, परिवार कहीं से बिजली न जोड़ ले, इसके लिए उनके घर के बाहर बंदूकधारी गार्ड की ड्यूटी लगा दी गई। बिजली कंपनी का तर्क है कि परिवार ने कई वर्षों तक आसपास के लोगों से कनेक्शन लेकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया। इस मामले में भले ही कांग्रेस ने आपदा को अवसर बनाकर अपनी राजनीति चमकाने की कोशिश की हो, लेकिन बिजली कंपनी का यह कारनामा भी जमकर चर्चा का विषय बना हुआ है। जब सिंधिया ने खीर खा रहे भाजपा विधायक को टोका
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चंदेरी से भाजपा विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी का उस वक्त मजा किरकिरा कर दिया, जब वे बड़े चाव से खीर खा रहे थे। दोनों नेता डिनर टेबल पर साथ बैठे थे। इसी दौरान सिंधिया ने टोकते हुए पूछा- आपको शुगर तो नहीं है न? विधायक ने जवाब दिया- हां, है। इस पर सिंधिया बोले- तो फिर आप क्या कर रहे हैं? इसे छोड़िए। इस पर विधायक ने मुस्कराते हुए कहा- इसमें क्या हो गया, मैं आपके साथ पैदल चल लूंगा। तब सिंधिया ने उन्हें समझाते हुए कहा कि शक्कर जहर की तरह होती है। दोनों नेताओं के बीच इस संवाद पर जमकर ठहाके गूंजे। गौरतलब है कि यही विधायक हाल ही में एक सार्वजनिक मंच पर सिंधिया की मौजूदगी में कमलनाथ का गुणगान कर चुके हैं। उन्होंने कमलनाथ के कार्य गिनाते हुए सिंधिया से दिल्ली तक ट्रेन चलाने की मांग भी की थी। इनपुट सहयोग – ईश्वर परमार (भोपाल), कुलदीप (श्योपुर), संजीव यादव (गुना), आशीष रघुवंशी (गुना) ये भी पढ़ें –
सिंधिया के सामने कमलनाथ का गुणगान, भाजपा विधायक की बड़ी डिमांड: बीच बाजार में कपड़े उतारकर रोए कांग्रेस नेता अशोकनगर जिले की चंदेरी विधानसभा से भाजपा विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का गुणगान कर दिया। उन्होंने कमलनाथ का उदाहरण देते हुए दिल्ली तक एक ट्रेन चलाने की मांग रखी। विधायक का यह बयान अब खासा चर्चा में है। पूरी खबर पढ़ें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *