जॉब छुटा तो 48 साल की उम्र में बना चोर:दो महीने में चुराई 06 बाइक, CCTV फुटेज से पकड़ा गया

पाली पुलिस ने एक 48 साल के बाइक चोर को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर चोरी की छह बाइक भी बरामद की। खास बात यह थी कि आरोपी के खिलाफ पहले से कोई चोरी का मुकदमा नहीं है। उसने बताया कि फैक्ट्री में मजदूरी करता था। कुछ महीने पहले फैक्ट्रियां बंद हुई तो काम नहीं था। ऐसे में घर चलाने के लिए उसने बाइक चोरी करना शुरू किया। लेकिन किसी को बेच नहीं पाया। आरोपी ने करीब दो-तीन महीने में चोरी की यह वारदातें की।
SP आदर्श सिंधु ने बताया कि पाली के कोतवाली थाने में 29 जनवरी को मोहम्मद शरीफ पुत्र उस्मान मोमिनों का मदरसा ने रिपोर्ट दी कि 24 जनवरी 2026 की शाम को घर के बाहर खड़ी बाइक कोई चोरी हो गई। इसी तरह 30 जनवरी 2026 को इस्माइल खान पुत्र जहुर मोहम्मद नया गांव ने 19 जनवरी को नेहरू पार्क पुराना बस स्टैंड से अपनी बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दी।
CCTV फुटेज से मिली लीड, जंगल में छुपाई बाइक
ऐसे में कोतवाल रविन्द्रसिंह खिंची के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। आखिरकार CCTV फुटेज की मदद से बाइक चोर के बारे में सुराग लगा। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए कोतवाली पुलिस सदर थाना क्षेत्र के निम्बाड़ा गांव निवासी 48 साल के फिरोज पुत्र खिवंर खान पहुंची। पूछताछ में उसने बाइक चोरी करना स्वीकार किया। ऐसे में उसे गिरफ्तार किया और जंगल में छुपाकर रखी चोरी की छह बाइक उसकी निशानदेही पर बरामद की। आरोपी को पकड़ने में हेड कांस्टेबल जितेन्द्र बागौरा और कांस्टेबल प्रेमसुख की मुख्य भूमिका रही। आरोपी ने दो कोतवाली थाना क्षेत्र से और चार बाइक औद्योगिक थाना क्षेत्र से चुराई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *