चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड एक सवाल का जवाब बदलेगा। बोर्ड ने अपनी गलती सुधारते हुए दूसरी पारी के सवाल नंबर 108 के जवाब को फिर से बदलने का निर्णय लिया है। इससे पहले बोर्ड ने इस सवाल का जवाब बिना आपत्ति ही बदल दिया था। इस सवाल के जवाब पर एक भी आपत्ति नहीं आई थी। जवाब बदलने का अभ्यर्थियों ने विरोध किया और बोर्ड को बताया कि प्रारंभिक आंसर की में माना गया जवाब डी ही सही था। बोर्ड ने फाइनल आंसर की में इसका जवाब बी कर दिया था। अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि आखिर बोर्ड ने बिना आपत्ति इसका जवाब क्यों बदला। जवाब बदलने से अब दूसरी पारी का परिणाम भी रिवाइज होने की नौबत आ गई है। इससे कई अभ्यर्थी प्रभावित होंगे। यह था सवाल दूसरी पारी के पेपर में प्रश्न संख्या 108 – निम्नलिखित में से कौन सा एक अभिगम है, जिसमें राज्य वन विभाग, वन संरक्षण और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन में स्थानीय वनवासी समुदायों का समर्थन करते हैं? (ए) स्वस्थाने संरक्षण (बी) आर्द्रभूमि संरक्षण (सी) स्थानीय प्रजातियों पर आधारित पारिस्थितिकीय पुन:स्थापन (डी) संयुक्त वन प्रबंधन (ई) अनुत्तरित प्रश्न अब यह पड़ेगा असर – बोर्ड अध्यक्ष ने सोशल मीडिया से बताया है कि जवाब बदला जाएगा। इससे दूसरी पारी का परिणाम रिवाइज होगा। इससे बार्डर लाइन पर मौजूद अभ्यर्थी प्रभावित होंगे। कई अभ्यर्थी बाहर होंगे तो कई अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन की सूची में शामिल होंगे।


