चुनाव में भाग्य आजमाने उतरे हर वर्ग के लोग… रांची नगर निकाय चुनाव इस बार सिर्फ बड़े नामों और दलों तक सीमित नहीं रह गया है, आम लोगों के सपने और हिम्मत भी इसमें आकार ले रहे हैं। चुनाव में उतरने वालों में इस बार कोई नाई है, कोई इलेक्ट्रीशियन, तो कोई शिक्षक है। रोजमर्रा की जिंदगी जीने वाले ये लोग अब अपने मोहल्ले की तस्वीर बदलने की उम्मीद लेकर चुनावी मैदान में उतर आए हैं। इनका कहना है कि वर्षों तक उन्होंने अपने इलाके की समस्याओं को नजदीक से देखा है। टूटी सड़क, जाम नाली उनके लिए सिर्फ मुद्दे नहीं, बल्कि रोजमर्रा की हकीकत हैं। उनका मानना है कि अगर आम लोग आगे नहीं आएंगे, तो स्थानीय समस्याएं सिर्फ वादों में ही उलझी रह जाएंगी।
वार्ड नंबर-38 : अजय लोगोें की बाल-दाढ़ी बनाते हैं, अब लड़ेंगे चुनाव वार्ड नंबर-14: शिक्षिका अंजू कुमारी पार्षद पद पर लड़ेंगी चुनाव वार्ड नंबर-34 : पेशे से इलेक्ट्रीशियन मुकेश लड़ेंगे पार्षद चुनाव पार्षद पद के लिए अजय ठाकुर ने पर्चा भरा है। अजय पेशे से नाई हैं। इनका कहना है कि मोहल्लों की मूल समस्याएं जैसे जल निकासी, सड़क, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई अब भी जस की तस बनी हुई हैं। इसके लिए खड़ा होना ही होगा। वह लोगों की समस्याओं को समझने का दावा करते हैं। पार्षद पद की प्रत्याशी अंजू कुमारी पेशे से शिक्षक हैं। घर पर वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती हैं। इनका मानना है कि आम नागरिक जब तक खुद आगे नहीं आएंगे, तब तक जमीनी मुद्दों का समाधान प्रभावी ढंग से नहीं हो पाएगा। वह कहती हैं कि उनकी पहचान वर्षों से लोगों की सेवा और भरोसे से बनी है। पार्षद पद के लिए मुकेश मिर्धा ने परचा भरा है। मुकेश पेशे से इलेक्ट्रीशियन हैं। ये स्थानीय समस्याओं को नजदीक से देखने और समझने का दावा कर रहे हैं। उनका कहना है कि उनकी पहचान राजनीति से नहीं, उनके काम से है। वे जमीनी अनुभव के दम पर जनता की आवाज बनना चाहते हैं।


