चूरू जिले के रतनगढ़ में बुधवार रात NH-11 पर बीकानेर पुलिया के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को निजी वाहन से जालान अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रतनगढ़ निवासी सांवरमल जाट के रूप में हुई है। सांवरमल का बीकानेर पुलिया के पास खेत है और वह रात के समय खेत पर गया हुआ था। सड़क पार करते समय उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर रतनगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। गुरुवार दोपहर परिजनों की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


