कटनी जिले की विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम पंचायत जमुआनी कला में अवैध पत्थर उत्खनन धड़ल्ले से जारी है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के यह खनन हो रहा है। शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, रामनगर क्षेत्र का एक व्यक्ति यहां अवैध खदान चला रहा है। उत्खनन के लिए की जाने वाली भारी ब्लास्टिंग से आसपास के घरों की दीवारों में गहरी दरारें आ गई हैं। इससे भविष्य में किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। बिना रॉयल्टी और अनुमति किया जा रहा खनन यह अवैध उत्खनन न केवल पर्यावरण और स्थानीय जनजीवन के लिए खतरा है, बल्कि इससे शासन को भी लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है। पत्थरों का परिवहन बिना रॉयल्टी और आवश्यक अनुमति के किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात के समय मशीनों से खनन और पत्थरों की लोडिंग का काम और तेज हो जाता है। एसडीएम को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने बुधवार को विजयराघवगढ़ एसडीएम को लिखित आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, शिकायत के कई दिन बीत जाने के बाद भी मौके पर कोई जांच टीम नहीं पहुंची है। जमुआनी कला के एक ग्रामीण ने बताया, हम डरे हुए हैं। भारी ब्लास्टिंग से घर कभी भी गिर सकते हैं। हमने एसडीएम साहब को आवेदन दिया है, लेकिन अभी तक कोई भी अधिकारी मौके पर मुआयना करने नहीं आया। ऐसा लगता है जैसे माफिया को संरक्षण प्राप्त है।


