शाजापुर शहर में मोबाइल छीनने की एक घटना सामने आई है।18 वर्षीय अंकित विश्वकर्मा से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। अंकित ने अपनी मां संगीता बाई के साथ कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। यह घटना 4 फरवरी 2026 की शाम करीब 6:30 बजे हुई। फरियादी अंकित विश्वकर्मा टुकराना जोड़ निवासी हैं और अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। वह अपनी मां से रियलमी C73 मोबाइल पर बात कर रहे थे। जब अंकित फॉर्मेटिक शोरूम के सामने बरवाल घाटी पहुंचे, तभी पीछे से एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश आए। पीछे बैठे बदमाश ने अंकित के दाहिने हाथ से मोबाइल छीन लिया और दोनों तेजी से फरार हो गए। बदमाशों ने अपने चेहरे पर सफेद कपड़ा बांध रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। अंकित ने पनवाड़ी तक उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बदमाश सारंगपुर की दिशा में भाग निकले। छीने गए मोबाइल की कीमत लगभग 10,500 रुपये बताई गई है। घटना के बाद अंकित ने घर जाकर अपनी मां को जानकारी दी और फिर थाने में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।


