भास्कर न्यूज| मोहला-मानपुर/भर्रीटो ला अवैध रूप से रेत उत्खनन व परिवहन के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। कोटरी नदी से दिनदहाड़े अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए दो माजदा वाहनों को जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान वाहनों के चालक किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज अथवा परिवहन अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। सूचना के आधार पर तहसीलदार मानपुर शुभांगी गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व अमले के द्वारा भर्रीटोला क्षेत्र में जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान दो माजदा वाहनों में अवैध रूप से रेत परिवहन किया जाना पाया गया। दोनों वाहनों में न तो वैध परिवहन परमिट पाया गया और न ही वाहनों पर नंबर प्लेट अंकित थी। तहसीलदार गुप्ता ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध निरंतर निगरानी व कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


