उत्तर पश्चिम रेलवे के मदार-पालनपुर रेलखंड पर चल रहे तकनीकी काम के चलते 6 फरवरी को रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान जोधपुर-साबरमती रूट की लाइफ लाइन मानी जाने वाली वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस सहित चार प्रमुख ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। रेलवे प्रशासन की ओर से एक ब्रिज पर गर्डर बदलने के काम के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है, जिसके कारण यात्रियों को आंशिक रद्दीकरण और ट्रेनों की देरी का सामना करना पड़ेगा। जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि मदार-पालनपुर सेक्शन में मावल और श्री अमीरगढ़ स्टेशनों के बीच ब्रिज संख्या 812 पर स्टील गर्डर बदलने का काम होना है। इस जरूरी सुरक्षा और रख-रखाव कार्य के लिए शुक्रवार को ब्लॉक लिया जाएगा। इसका सबसे ज्यादा असर गाड़ी संख्या 14821, जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस पर पड़ेगा। यह ट्रेन शुक्रवार को अपने निर्धारित गंतव्य साबरमती तक नहीं जाकर केवल आबूरोड तक ही संचालित की जाएगी। इसी वजह से वापसी में शनिवार को गाड़ी संख्या 14822, साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस भी साबरमती के बजाय आबूरोड से ही जोधपुर के लिए रवाना होगी। यानी आबूरोड से साबरमती के बीच यह ट्रेन आंशिक रूप से रद्द रहेगी। वंदे भारत और मुंबई स्पेशल लेट ब्लॉक का असर प्रीमियम ट्रेनों के समय पर भी पड़ेगा। गाड़ी संख्या 12462 साबरमती-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार को साबरमती स्टेशन से अपने निर्धारित समय शाम 4.55 बजे के बजाय एक घंटा देरी से रवाना होगी। इसी तरह, गाड़ी संख्या 09084 भगत की कोठी-मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को भी रीशेड्यूल किया गया है। यह ट्रेन शुक्रवार को भगत की कोठी से अपने तय समय सुबह 11.30 बजे के स्थान पर साढ़े तीन घंटे की देरी से प्रस्थान करेगी। रेगुलेट होगी रणकपुर एक्सप्रेस इसके अलावा, गाड़ी संख्या 14707 हनुमानगढ़-दादर रणकपुर एक्सप्रेस को भी मार्ग में नियंत्रित (रेगुलेट) करके चलाया जाएगा। यह ट्रेन शुक्रवार को जोधपुर से आबूरोड के बीच करीब 60 मिनट यानी एक घंटे तक रेगुलेट रहेगी, जिससे यह अपने गंतव्य पर देरी से पहुंचेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए यात्रा शुरू करने से पहले उचित माध्यमों से अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति और समय सारिणी जरूर चेक कर लें।


