दबंगों ने किया तालाब पर कब्जा:अरूआ के ग्रामीणों ने जताया विरोध, एडीएम से कब्जामुक्त कराने की मांग की

धौलपुर जिले की बाड़ी तहसील के गांव अरूआ में सरकारी तालाब भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर तालाब को कब्जामुक्त कराने और नाले का निर्माण पूरा कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि अरूआ गांव की यह पुरानी तालाब वर्षों से आबादी क्षेत्र के पानी की निकासी का मुख्य स्रोत रही है। पहले गांव का बरसाती और गंदा पानी इसी तालाब में जाता था, जिससे जलभराव नहीं होता था। वर्तमान में लोक निर्माण विभाग (PWD) गांव के गंदे पानी की निकासी के लिए एक नाले का निर्माण कर रहा है, जिसका पानी भी इसी तालाब में जाने का प्रस्ताव है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग लोगों ने तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है। अतिक्रमणकारियों ने न केवल तालाब की भूमि पर कब्जा किया है, बल्कि नाले के निर्माण कार्य को भी बाधित कर रहे हैं। इससे गांव की आबादी से गंदे पानी की निकासी रुक गई है, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा हो रही हैं। ग्रामीणों ने एडीएम से मांग की है कि राजस्व अभिलेखों के अनुसार गैर मुमकिन आबादी क्षेत्र की इस तालाब को तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए। साथ ही, लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे नाले के निर्माण कार्य को बिना किसी बाधा के पूरा कराया जाए, ताकि गांव की जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *