पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे एक्सीलेंस स्कूल के छात्र:CCTV, डायल-112 और आपातकालीन सेवाओं का लाइव डेमो देखा, इमरजेंसी किट का उपयोग करना भी सीखा

उज्जैन पुलिस ने अपराध रोकथाम और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देने के लिए एक्सीलेंस स्कूल के छात्रों को पुलिस कंट्रोल रूम का भ्रमण कराया। इस दौरान विद्यार्थियों को सीसीटीवी कैमरों के उपयोग, डायल-112 की कार्यप्रणाली और अन्य आपातकालीन सेवाओं का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण दिया गया। 5 फरवरी 2026 को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, माधवनगर के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के आईटी, आईटीईएस और सुरक्षा ट्रेड के विद्यार्थियों ने यह शैक्षणिक भ्रमण किया। उन्हें बताया गया कि शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे अपराधों पर कैसे नजर रखते हैं और जांच में कैसे सहायक होते हैं। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाया कि कॉलोनियों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे कैमरों से संदिग्ध गतिविधियों की पहचान कर अपराधों को समय रहते रोका जा सकता है। छात्रों से अपील की गई कि वे अपने आसपास लगे कैमरों के प्रति जागरूक रहें और सुरक्षा के इस माध्यम का महत्व समझें। इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों को डायल-112 आपातकालीन सेवा का लाइव डेमो भी दिखाया गया। उन्हें बताया गया कि आपात स्थिति में कॉल आने पर कंट्रोल रूम में सूचना कैसे मिलती है, फील्ड रिस्पॉन्स व्हीकल (FRV) को कैसे रवाना किया जाता है और पुलिस मौके पर पहुंचकर कैसे कार्रवाई करती है। भ्रमण के दौरान दुर्घटना जैसी परिस्थितियों से निपटने की प्रक्रिया भी समझाई गई। छात्रों को स्ट्रेचर का उपयोग, घायल को सुरक्षित उठाने का तरीका और आपातकालीन उपकरणों के बारे में जानकारी दी गई। महिला सुरक्षा के संदर्भ में निर्भया वाहन की भूमिका पर भी विशेष जानकारी दी गई। छात्रों को बताया गया कि संकट की स्थिति में निर्भया वाहन कैसे त्वरित सहायता प्रदान करता है और स्कूल-कॉलेज क्षेत्रों में इसकी निगरानी कैसे की जाती है। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि आईटी और तकनीक का उपयोग अपराधों की विवेचना, अपराधियों को ट्रेस करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *