नरसिंहपुर में एक रुपए का इनामी शराब सरगना गिरफ्तार:करेली थाना पुलिस ने धनराज लोधी को पकड़ा

नरसिंहपुर पुलिस की ओर से एक रुपए का इनाम घोषित किए गए फरार शराब सरगना धनराज लोधी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की गई। आबकारी एक्ट के मामले में था फरार धनराज लोधी करेली थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 27/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत वांछित था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी ऋषिकेश मीना ने उस पर मात्र एक रुपए का इनाम घोषित किया था। यह अनोखा इनाम पूरे जिले में चर्चा का विषय बना रहा। थार कार से पकड़ी गई थी भारी मात्रा में शराब मामला 9 जनवरी का है। करेली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक थार कार में गाडरवारा से नरसिंहपुर की ओर भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर कार लेकर भागने लगा। करीब 200 मीटर पीछा करने के बाद पुलिस ने वाहन को पकड़ लिया। 2200 पाव अवैध शराब बरामद वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 44 पेटी देशी मदिरा मसाला, कुल 2200 पाव यानी करीब 396 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। मौके से सुरेन्द्र लोधी और सलीम खान को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि शराब तस्करी का मुख्य सरगना धनराज लोधी उस समय फरार हो गया था। एक रुपये के इनाम का मकसद क्या था पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक रुपये का इनाम घोषित करने का उद्देश्य लोगों का ध्यान आकर्षित करना था। साथ ही यह संदेश देना भी था कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, वह कानून से बच नहीं सकता। 14 मामलों का आरोपी, कई थानों में सक्रिय धनराज लोधी पिछले एक महीने से फरार था। उसके खिलाफ कुल 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें सट्टा, मारपीट और शराब तस्करी के मामले शामिल हैं। वह ठेमी, स्टेशनगंज, सुआतला और तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्रों में अवैध शराब की तस्करी करता रहा है। इस मामले में पहले ही दो आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *