राजस्थान की डिप्टी सीएम का नीमच की महिला को सलाम:20 बच्चों को मधुमक्खियों के हमले से बचाया, MP सरकार देगी ₹4 लाख की आर्थिक सहायता

नीमच जिले में आंगनवाड़ी केंद्र के 20 बच्चों को मधुमक्खियों के हमले से बचाकर खुद जान गंवाने वाली महिला कंचनबाई मेघवाल की वीरता पर राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने उन्हें नमन किया है। दीया कुमारी ने कहा है कि कंचन बाई का यह बलिदान हर महिला की करुणा, साहस और अदम्य शक्ति को उजागर करता है। दूसरी ओर भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने भी कंचनबाई की वीरता को सलाम करते हुए बच्चों के लिए निशुल्क शिक्षा की मांग की है। सीएम डॉ मोहन यादव ने परिवार को 4 लाख आर्थिक सहायत देने की घोषणा की है। राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमार ने एक्स पर किए गए पोस्ट में कहा है कि मध्य प्रदेश के नीमच में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कंचन बाई मेघवाल द्वारा दिखाया गया साहस, मातृत्व, कर्तव्य और महिला सशक्तिकरण का सर्वोच्च उदाहरण है। मधुमक्खियों के हमले के बीच 20 मासूम बच्चों को सुरक्षित बचाने के लिए उन्होंने चटाइयों और तिरपाल से बच्चों को ढकते हुए माँ की तरह उनका संरक्षण किया और स्वयं सैकड़ों डंक सहन किए। उनका यह त्याग दर्शाता है कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता समाज की संवेदनशील संरक्षक होती हैं जो संकट की घड़ी में अपने दायित्व को सर्वोपरि रखती हैं। कंचन बाई का यह बलिदान हर महिला की करुणा, साहस और अदम्य शक्ति को उजागर करता है। उनका यह प्रेरणादायी बलिदान महिला सशक्तिकरण और मातृत्व की प्रेरक मिसाल बनकर सदैव स्मरणीय रहेगा। सीएम यादव ने जताया दुख सीएम डॉ मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, नीमच जिले के ग्राम रानपुर में मधुमक्खियों के डंक से आंगनवाड़ी में कार्यरत बहन कंचन बाई मेघवाल जी का असमय निधन अत्यंत दुखद व हृदयविदारक है। प्रदेश सरकार इस दुःख की घड़ी में उनके परिवार के साथ है। इस घटना में मानवीय आधार पर मैंने कंचन बहन के परिवार को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उनके बच्चों की पढ़ाई का खर्च भी राज्य सरकार उठाएगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने कहा, राजकीय सम्मान और बच्चों को आजीवन निशुल्क शिक्षा मिले दूसरी ओर भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने भी एक्स पर लिखा है कि मध्यप्रदेश के जिला नीमच में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कंचन बाई मेघवाल जी ने अद्भुत साहस और इंसानियत का परिचय देते हुए मधुमक्खियों के हमले से 20 नन्हे बच्चों की जान बचाई। तारपोलिन से बच्चों को ढककर वे स्वयं मानव ढाल बन गईं और अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। मां कंचन बाई मेघवाल जी का यह कृत्य मानवता का सर्वोच्च उदाहरण है। वे अपने पीछे दो नन्ही बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। हम सभी उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हैं और हम @MP_MyGov से मांग करते हैं कि कंचन बाई मेघवाल के बच्चों को आर्थिक सहायता एवं आजीवन निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाए, साथ ही कंचन बाई मेघवाल को राजकीय सम्मान दिया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके अदम्य साहस और इंसानियत से प्रेरणा ले सकें। नमन है मां कंचन बाई मेघवाल जी को हर तरफ से उठ रही कंचन बाई के परिजनों के लिए मदद की आवाज कंचन बाई एमपी के नीमच जिले के रानपुर गांव में हुई घटना में अपना जीवन गंवा बैठी हैं। वे अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। उनकी इस बहादुरी को सलाम किया जा रहा है और सरकार से परिवार को सहायता देने की मांग उठ रही है। घटना को लेकर जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार आंगनवाड़ी में सोमवार को काफी बच्चे थे। केंद्र की सहायिका बाकी बच्चों को लेने गई थी। इसी दौरान वहां मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। पास में ही स्वसहायता समूह की अध्यक्ष 45 वर्षीय कंचनबाई का घर है जो घर के पास मौजूद हैंडपंप पर कपड़े धो रही थीं। बच्चों पर हमला देख घर से दरी और कंबल लेकर दौड़ी और आनन-फानन सारे बच्चों को दरी और कंबल से घेरा बनाकर सुरक्षित किया। इस दौरान मधुमक्खियों ने कंचनबाई को काटा। इसके बाद डायल 112 से अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनका निधन हो गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *