बैतूल जिले में गंभीर लापरवाही के आरोप में एक उप निरीक्षक (एसआई) को निलंबित कर दिया गया है। कोतवाली थाना में पदस्थ रहे एसआई पवन कुमार पर आरोप है कि उनके कार्यकाल के दौरान चार आपराधिक मामलों की केस डायरी (चालान) गायब हो गईं। इन मामलों में जबरन वसूली, शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभागीय जांच में यह तथ्य सामने आया कि संबंधित मामलों के चालान न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किए गए और वे अब तक लापता हैं। इस कृत्य को गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया है। आदेश में यह भी बताया गया है कि पवन कुमार वर्तमान में थाना गंज, बैतूल में पदस्थ थे। निलंबन के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र बैतूल से संबद्ध कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुनील लाटा को सात दिन के भीतर प्रारंभिक जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


