बालाघाट में बस स्टैंड के पास स्थित खिलिया मुठिया देवस्थल से ऑटो स्टैंड हटाए जाने का विरोध शुरू हो गया है। गुरुवार को यातायात विभाग के इस निर्देश को लेकर ऑटो चालकों ने नाराजगी व्यक्त की। यातायात थाना प्रभारी ने बस स्टैंड के विस्तारीकरण का हवाला देते हुए खिलिया मुठिया के सामने से ऑटो स्टैंड हटाकर इसे कोर्ट के पास खाली भूमि पर स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है। ऑटो चालकों का आरोप है कि उन्हें बस मालिकों के कहने पर परेशान किया जा रहा है। इस निर्देश के विरोध में ऑटो चालकों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने ऑटो स्टैंड को यथावत रखने की मांग की। स्थायी जगह निर्धारित नहीं की ऑटो चालकों का प्रतिनिधित्व कर रहे आप नेता सूरज सोनवाने ने बताया कि शहर में ऑटो स्टैंड के लिए अब तक कोई स्थायी जगह निर्धारित नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार मनमर्जी से ऑटो स्टैंड को अलग-अलग स्थानों पर स्थानांतरित किया जाता है। पिछले 10 सालों से ऑटो स्टैंड खिलिया मुठिया देवस्थल पर संचालित हो रहा था। सोनवाने ने यह भी कहा कि बस स्टैंड की व्यवस्था को लेकर कोई नियम तय नहीं किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, बस मालिक बसों को घंटों तक खड़ा रखते हैं और वहीं धोते भी हैं, जबकि उनके पास बसों को रखने का कोई साधन नहीं है। ऑटो चालकों ने चेतावनी दी है कि यदि ऑटो स्टैंड को यथावत नहीं रखा गया तो वे आंदोलन करेंगे। यदि उनकी मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो वे प्रशासन को अपने ऑटो की चाबियां सौंपकर जीवनयापन की व्यवस्था करने का अनुरोध करेंगे।


