सलूंबर शहर के पास अदकलिया कस्बे में राधे-कृष्ण मंदिर एवं संत शिरोमणि सेनजी महाराज मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। इस मौके पर भव्य कलश यात्रा और मूर्ति परिक्रमा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर से निकली कलश यात्रा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के शुभारंभ से पूर्व मंदिर प्रांगण से कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए अदकलिया गांव में भ्रमण कर दोबारा मंदिर परिसर पहुंची। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया। कलश यात्रा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। भक्तिमय भजनों और जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धा और आस्था से ओत-प्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और अन्य भक्त शामिल हुए। धार्मिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह होगा आयोजन समिति के अनुसार, यह कलश यात्रा अगले दो दिन मे होने वाले प्राण प्रतिष्ठा, शिखर कलश स्थापना और पंचकुंडीय महायज्ञ कार्यक्रमों की मंगल शुरुआत है। कार्यक्रम के अंतर्गत भजन संध्या, सम्मान समारोह, हवन-पूजन एवं मूर्ति स्थापना जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। यह महोत्सव सेन समाज वागड़, छप्पन, चुण्डा एवं सलूंबर क्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हो रहा है। क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से इसमें सहभागिता की अपील की गई है।


