बयाना कस्बे में ठगी की एक घटना सामने आई है। अज्ञात ठगों ने पीडब्ल्यूडी के एक सहायक कर्मचारी को रकम छह गुना करने का झांसा देकर 30 हजार रुपए हड़प लिए। पीड़ित को ठगी का तब पता चला जब एक घंटे बाद रुमाल खोलने पर उसमें नोटों की जगह अखबार की कतरनें मिलीं। बच्ची के इलाज के लिए बैंक से निकाले थे रुपए महमदपुरा निवासी पीडब्ल्यूडी सहायक कर्मचारी महेंद्र शर्मा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे उन्होंने अपनी बीमार बच्ची के इलाज के लिए एसबीआई बैंक के अपने सैलरी अकाउंट से 30 हजार रुपए नकद निकाले थे। आरोपियों ने दो गुना रकम करने का झांसा दिया बैंक से पैसे निकालने के बाद महेंद्र शर्मा पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस की ओर जा रहे थे। गणेशी मार्केट के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोका। बातचीत के दौरान ठगों ने महेंद्र को रकम छह गुना करने का लालच दिया। उन्होंने महेंद्र से 30 हजार रुपए लेकर एक कपड़े के रुमाल में लपेटकर वापस दिए और कहा कि एक घंटे बाद खोलने पर यह रकम 1.80 लाख रुपए हो जाएगी। रुमाल में नोटों की जगह मिला अखबार करीब एक घंटे बाद जब पीड़ित ने रुमाल खोला तो उसमें नोटों की जगह अखबार की कतरनें और कागज के टुकड़े मिले। ठगी का एहसास होते ही महेंद्र शर्मा ने तत्काल बयाना थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरु की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के साथ बैंक व घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की जांच की। हालांकि, देर शाम तक ठगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह की ठगी से बचने के लिए किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं। संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई है। बयाना थाना एसएचओ रामगिलास गुर्जर ने बताया- पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही ठगों को पकड़ लिया जाएगा।


