जोबट विधायक सेना पटेल ने गुरुवार को अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर विस्तृत रिपोर्ट कार्ड जारी किया। ‘विकास एवं कांग्रेस कार्यकर्ता संवाद’ कार्यक्रम के दौरान विधायक ने बताया कि उनका लक्ष्य राजनीति करना नहीं, बल्कि क्षेत्र का विकास और जनता की सेवा करना है। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और जल संरक्षण के क्षेत्र में हुई प्रगति का ब्योरा दिया। गांव-गांव पहुंचे बिजली और पानी के टैंकर विधायक ने बताया कि पिछले दो वर्षों में 56 गांवों में 4.58 करोड़ रुपए की लागत से बिजली विस्तार का काम किया गया है। गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत को देखते हुए 40 गांवों में 65 लाख के टैंकर बांटे गए और 23 नए टैंकरों का वितरण कार्यक्रम के दौरान ही किया गया। इसके अलावा, 45 से अधिक गांवों में नए हैंडपंपों का खनन कराकर पेयजल समस्या को दूर करने का प्रयास किया गया है। शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर करोड़ों का निवेश विधायक ने बताया कि स्कूलों में फर्नीचर, वाटर कूलर और साइकिल स्टैंड जैसी सुविधाओं के लिए करीब 55 लाख रुपए खर्च किए गए। वहीं, जल संसाधन विभाग के माध्यम से 12.40 करोड़ रुपये की लागत से तालाबों और बैराजों का निर्माण हुआ है। सबसे बड़ा निवेश मनरेगा के तहत देखा गया, जहां पुल-पुलिया और स्टॉप डेम निर्माण पर लगभग 29 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पीडब्ल्यूडी (PWD) विभाग द्वारा भी 32 करोड़ रुपये की लागत से 8 प्रमुख सड़कों का काम तेजी से चल रहा है। महेश पटेल बोले- विधायक निधि कम पड़ी तो निजी खर्च से करेंगे विकास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की उन्नति के लिए फंड की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर विकास कार्यों के लिए विधायक निधि कम पड़ती है, तो वे स्वयं के खर्च से भी अधूरे कामों को पूरा करेंगे। इस दौरान “मनरेगा बचाओ अभियान” पर भी चर्चा की गई। मध्यप्रदेश कांग्रेस की सहप्रभारी बोलीं- कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण मध्यप्रदेश कांग्रेस की सहप्रभारी उषा नायडू ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके जमीन से जुड़े कार्यकर्ता हैं। समाज सेवा और विकास की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम होती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।


