भीलवाड़ा | नगर निगम को यूआईटी ने 15 प्रतिशत हिस्सा राशि के रूप में गुरुवार को 4 करोड़ 65 लाख रुपए का चेक जारी किया। महापौर राकेश पाठक ने बताया कि उनके पांच साल के कार्यकाल में करीब 19 करोड़ रुपए यूआईटी दे चुकी है। जबकि, उससे पहले के 10 साल में कुल 5 करोड़ रुपए प्राप्त हुए। भीलवाड़ा | फरवरी माह के दिन बीतने के साथ ही सर्दी की रंगत फीकी पड़ती जा रही है। दिन के तापमान में 1.8 डिग्री व रात के तापमान में 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 25.5 व न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री दर्ज किया। मौसम विभाग के अनुसार दूसरे सप्ताह में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ गुजरेंगे, लेकिन इनका असर खास नहीं रहेगा। भीलवाड़ा | नोडल एजेंसी वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय कोटा ने प्री डीएलएड प्रवेश परीक्षा 2026 के आवेदन की अंतिम तिथि में 28 फरवरी तक बढ़ोतरी कर दी है। पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित थी। परीक्षा समन्वयक डॉ. आलोक चौहान ने बताया कि आवेदन से वंचित रहे अभ्यर्थियों द्वारा ईमेल एवं दूरभाष पर तिथि बढाए जाने के लिए निरंतर संपर्क किया जा रहा था।


