भास्कर न्यूज | जालंधर चंडीगढ़ में आयोजित इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) की रीजनल मीट में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए। इस रीजनल मीट में 800 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें उत्तरी भारत की 60 से ज्यादा यूनिवर्सिटीज़ और उच्च शिक्षण संस्थानों के 100 से अधिक इनोवेशन एंबेसडर शामिल थे। यह आयोजन वर्ष की सबसे महत्वपूर्ण इनोवेशन-केंद्रित शैक्षणिक बैठकों में से एक रहा। एलपीयू अपने इनोवेशन परिणामों की गहराई और विविधता के कारण सबसे अलग नजर आया। कार्यक्रम में लगाए गए चार क्यूरेटेड एग्जीबिशन स्टॉलों में एलपीयू के 15 इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए गए, जो आकर्षण का केंद्र बने। इस प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए एलपीयू को “बेस्ट एग्जीबिशन स्टॉल अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, फैकल्टी मेंटर रूहल अमीन चौधरी और मनदीप सिंह को इनोवेशन की संस्थागत संस्कृति को बढ़ावा देने में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए बेस्ट परफॉर्मिंग इनोवेशन एंबेसडर अवॉर्ड प्रदान किया गया। एलपीयू ने पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में भी तीसरा स्थान हासिल किया। सांसद और एलपीयू के फाउंडर चांसलर डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने बताया कि इनोवेशन में एलपीयू की उत्कृष्टता केवल क्षेत्रीय स्तर तक सीमित नहीं है। आईआईटी पटना-सेलेस्टा में छात्रों के शानदार प्रदर्शन ने यूनिवर्सिटी के मजबूत रिसर्च और प्रैक्टिकल एकेडमिक सिस्टम को भी दर्शाया। छात्रों ने ट्रेलब्लेज़र और रोबो सॉकर में पहला स्थान हासिल किया, जबकि एयरोस्प्रिंट, डेथ रेस और एक्वारश जैसी प्रतियोगिताओं में भी पोडियम फिनिश दर्ज की। चंडीगढ़ में आयोजित आईआईसी रीजनल मीट में इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित करते हुए स्टूडेंट्स।


