भास्कर न्यूज | लुधियाना गुड़मंडी स्थित ऐतिहासिक श्री महावीर मंदिर में राष्ट्रीय हिंदू मंच द्वारा भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हाजिरी भरी। मंच के प्रधान पवन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस अनुष्ठान ने पूरे वातावरण को राममय कर दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत सुंदरकांड का सस्वर संगीतमय गायन रहा। महिलाओं की टोलियों ने जब सुर-ताल के साथ चौपाइयां पढ़ीं तो पूरा मंदिर परिसर भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। इस अवसर पर महिला मंडल की प्रतिनिधि सुनीता शर्मा ने सुंदरकांड की महिमा बताते हुए कहा कि सुंदरकांड का श्रवण और मनन मनुष्य को भवसागर से पार उतारने में सक्षम है। सुनीता शर्मा ने विशेष रूप से युवा पीढ़ी को धर्म से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सुंदरकांड का नियमित पाठ न केवल मानसिक एकाग्रता लाता है, बल्कि आत्मिक एवं भौतिक ज्ञान के विकास में भी सहायक है। हनुमान जी की आराधना से मिलने वाली सकारात्मक ऊर्जा जीवन की कठिन बाधाओं को दूर करती है। गायन सेवा में उर्मिला शर्मा, ज्योति, त्रिमिला, संतोष कपिला, चांदनी, हिना, अंजू, वीना बाली, मंजू बाली, किरण शर्मा, प्रोमिला, अनीता थापर, गीता सूद, पिंकी, मधु, मंजू मल्होत्रा, नमृता और नीलम सहित अन्य महिलाओं ने अपनी मधुर वाणी से श्रद्धा के पुष्प अर्पित किए। सुनीता शर्मा ने बताया कि 24 फरवरी को मंदिर परिसर में भव्य होली सत्संग का आयोजन किया जाएगा।


