मोबाइल का अत्यधिक उपयोग युवा पीढ़ी को संवेदनहीन बना रहा : अलका

कम्युनिटी रिपोर्टर | दुर्ग ज्येष्ठ नागरिक संघ के नए पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह संघ के आशीर्वाद भवन में हुआ। महापौर अलका बाघमार ने सभी को पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृद्घावस्था में बुजुर्ग वृद्धाश्रम में रह रहे हैं, यह बड़े दुःख की बात है। समारोह में इतनी बड़ी संख्या में बुजुर्गों ने मिल-जुलकर जो परिवार बनाया है, उसके लिए सभी को साधुवाद। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे संस्कारविहीन होते जा रहे हैं। घर के बुजुर्ग माता-पिता को वृद्धाश्रम में जाना पड़ रहा है। मोबाइल ने भी इन बच्चों को संवेदनहीन बना दिया है। उन्होंने कहा कि मैं यहां बड़ी संख्या में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को देखकर बड़ी खुश हूं,ये यहां बैठकर आपस में अपने दुःख सुख की बातें बांट सकते हैं। इससे पहले रजनी श्रीवास्तव की सरस्वती वंदना से कार्यक्रम शुरू हुआ। संघ के अध्यक्ष सीएस पांडे ने महापौर अलका बाघमार, पार्षद संजय अग्रवाल, लीलाधर, सरिता चंद्राकर, यमला साहू और उपस्थिति सभी वरिष्ठों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि संस्था की स्थापना 19 अप्रैल 1993 को हुई। उन्होंने संघ द्वारा संचालित फिजियोथेरेपी सेंटर, जनहित में किए जा रहे कार्यों जैसे स्कूली बच्चों को बस्ते, पाठ्य सामग्री, आदिवासी अंचल में कंबल वितरण की जानकारी दी। आखिर में अतिथियों को संघ ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। संचालन प्रशांत श्रीवास्तव ने किया। सुधीर भालचंद्र पाटणकर ने आभार जताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *