प्रशासनिक रिपोर्टर | दुर्ग पद्मनाभपुर पुलिस ने आरा मिल का अवैध रूप से संचालन करने वाले गाड़ाडीह निवासी अजय तिवारी को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ जनवरी में वनकर्मी की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। तब से वह फरार था। इसी बीच आरोपी अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट की शरण में गया था। जमानती धारा होने की वजह से उसे थाने जाकर मुचलके की सलाह मिली थी। इसके बाद आरोपी थाने पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने उसके खिलाफ गंभीर और गैर जमानती धारा में केस दर्ज किया था। इस वजह से उसे बाकायदा गिरफ्तार किया गया, फिर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अजय कथित पत्रकार के साथ मिलकर सालों से अवैध आरा मिल संचालित कर रहा था। प्रतिबंधित लकड़ियों की तस्करी करता था। इस वजह से वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ तीन केस दर्ज कराए थे। घटना वाले दिन आरोपी वन विभाग कार्यालय पहुंचा था, जहां उसने अपनी गाड़ी छुड़वाने का हवाला दिया। उसे बताया गया कि यहां पर उसकी कोई गाड़ी नहीं पकड़ी गई है। इस पर आरोपी ने कार्यालय में घुसकर हंगामा करते हुए गाली गलौच की। दस्तावेजों फेंके थे।


