छत्तीसगढ़ राज्य में ग्रामीण और पिछड़ा वर्ग क्षेत्रों के विकास को लेकर एक अहम बैठक 6 फरवरी यानी आज सुबह 11 बजे से पीडब्ल्यूडी सभा कक्ष, दुर्ग में होगी। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, विभागीय सचिव और प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर शामिल होंगे। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्राधिकरण के बजट की जानकारी दी जाएगी और स्वीकृत कार्यों का अनुमोदन किया जाएगा। वहीं शुक्रवार को ही दुर्ग में आईटी पार्क के लिए आईआईटी के साथ 20 आईटी कंपनियां समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर करेंगी। हालांकि देशभर की 40 आईटी कंपनियों ने आईटी पार्क में सेंटर स्थापित करने पर सहमति दे दी है। निगम और छग शासन के सहयोग से आयोजित समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर समारोह नालंदा परिसर आईआईटी भिलाई में दोपहर दो बजे रखा गया है। जिसमें मुख्य अतिथि सीएम विष्णुदेव साय होंगे। इसके अलावा सीएम के हाथों यश ड्रीम के निवशकों को उनकी निवेश में डूबी राशि भी लौटाई जाएगी। सांकेतिक रूप से 6 निवेशकों को 20 लाख 32 हजार रुपए ऑनलाइन दिए जाएंगे। बाकी निवेशकों के लिए प्रक्रिया आगे की जाएगी।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2025-26 में 1006 विकास कार्यों के लिए लगभग 72.20 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति पहले ही जारी की जा चुकी है, जो प्राधिकरण की मंजूरी के इंतजार में है। वहीं बीते वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 79.56 करोड़ रुपए के कार्यों का भी अनुमोदन किया जाएगा। पिछले वर्ष स्वीकृत 1220 कार्यों में से अब तक 709 पूरे हो चुके हैं, जबकि 508 कार्य अभी अधूरे हैं। बैठक में इन सभी परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की जाएगी और लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने की रणनीति बनाई जाएगी। परियोजनाओं को मंजूरी देने पर चर्चा होगी।


