मनरेगा का नाम बदलने पर कांग्रे​िसयों ने प्रदर्शन किया

भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के नाम में परिवर्तन और नए नियम लागू किए जाने के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिलाध्यक्ष सलीम रजा उस्मानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टोरेट तक पैदल मार्च निकालकर एसडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और केंद्र सरकार के फैसलों को जनविरोधी बताया। इससे पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ता दुर्गा मंडप, आंवराभाटा में एकत्रित हुए, जहां आयोजित आमसभा में भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर विरोध दर्ज कराया गया। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सलीम रजा उस्मानी ने कहा कि मनरेगा के नाम से महात्मा गांधी का नाम हटाना योजना की मूल भावना को कमजोर करने वाला कदम है और यह राष्ट्रपिता की ऐतिहासिक विरासत का अपमान है। मनरेगा ग्रामीण परिवारों की आजीविका का मजबूत आधार है, लेकिन नए बदलावों से ग्रामीणों के हितों पर सीधा प्रहार किया जा रहा है। सभा को जनपद उपाध्यक्ष भीमसेन मंडावी, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष कोपाराम, महिला कांग्रेस अध्यक्ष इंदिरा शर्मा एवं ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कर्मा ने भी संबोधित किया। धरना पश्चात रैली के रूप में कलेक्टोरेट पहुंचे कार्यकर्ताओं ने तख्तियों, झंडों और बैनरों के साथ प्रदर्शन किया। बैरिकेड पार करने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। महात्मा गांधी के नाम से डरती है सरकार: कर्मा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री छविंद्र कर्मा ने कहा कि सरकार महात्मा गांधी के नाम से डरती है, इसलिए योजनाओं के नाम बदलकर इतिहास को तोड़ने-मरोड़ने का प्रयास कर रही है। मनरेगा करोड़ों गरीब मजदूरों के लिए जीवनरेखा है और इसका नाम बदलना गरीबों के अधिकारों पर हमला तथा संविधान विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *