भास्कर न्यूज | नारायणपुर ओरछा थाना क्षेत्र अंतर्गत कांगाली–मंडोली–आसनार –ओरछा के घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री को सुरक्षा बलों ने बरामद किया है। पुलिस को मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी 29वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान जंगल क्षेत्र से नक्सलियों के उपयोग में आने वाली विभिन्न सामग्रियां मिलीं। इनमें प्रेशर कुकर, रस्सी, बिजली वायर, चार्जर, बैटरियां, पेंसिल सेल, पाइप, इंजन ऑयल सहित आईईडी बनाने में प्रयुक्त होने वाली सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं। बरामद सामग्री को मौके पर विधिवत जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया। सभी सामग्री को सुरक्षित रूप से थाना ओरछा लाकर प्रस्तुत किया गया है। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


