भास्कर न्यूज | नारायणपुर आगामी 11 फरवरी से शुरू होने वाले माता मावली मेला के संबंध में कलेक्टर नम्रता जैन ने जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मेला का आयोजन 11 से 15 फरवरी तक किया जाएगा। कलेक्टर ने मेले में आने वाले व्यक्तियों के लिए पेयजल, शौचालय, छाया, सुरक्षा, चिकित्सा व्यवस्था सहित संबंधित स्टॉल लगाने तथा कार्यक्रम को गरिमामय रूप से आयोजन कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से आयोजित माता मावली मेला व्यवस्था के संबंध में मुख्य नगरपालिका अधिकारी को मेला प्रारंभ होने के एक सप्ताह पूर्व से लेकर समाप्ति तक मेला व्यवस्था का कार्य देखने के निर्देश दिये गये। मेला के दौरान किराया भंडार, होर्डिंग, आमंत्रण पत्रों की छपाई, लाईट, साऊंड सर्विस, देव समिति, विद्युत सामग्री क्रय, जात्रा कार्यक्रम में आने वाले सिरहा तथा पूजा-पाठ दल के पुजारियों सदस्यों की भोजन व्यवस्था, मेला के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं संपादित कार्यक्रमों की फोटोग्राफी तथा अन्य व्यय से संबंधित देयकों का प्रमाणिकरण उपरोक्त मेला समिति द्वारा किया जाएगा। मेला में व्यवस्था बनाये रखने तथा मेला के दौरान व्यय में पारदर्शिता बनाये रखने अधिकारियों का मेला समिति गठन किया गया है। मेला के दौरान सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों की सूची तैयार कर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास नारायणपुर द्वारा मेला समिति के समक्ष अनुमोदन कराये जाने के लिए निर्देशित किया गया है। मेला में अच्छे स्तर की साऊंड, लाईट सर्विस स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। दुकानों का आबंटन करने के पूर्व मेला स्थल का नजरी नक्शा तहसीलदार नारायणपुर द्वारा तैयार कर अवलोकन कराया जाएगा। मेला स्थल का मुरमीकरण, मेला स्थल के मार्गों का समतलीकरण किया जाएगा। रोड के उपर दुकान लगाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। मेला में आने वाले श्रद्वालुओं, नागरिक गणों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने निशुल्क औषधि प्रदान करने के संबंध में मेला स्थल पर डॉक्टरों, चिकित्सा कर्मचारियों की 24 घंटे की चरणबद्ध ड्यूटी लगाई जाएगी। मेला स्थल पर मुख्य प्रवेश द्वार नारायणपुर नगर की ओर मेला स्थल पर जाने वाले मार्ग पर लगाया जाएगा तथा कोंडागांव से नारायणपुर आने के मार्ग पर प्रवेश द्वार माता कोटगुड़ी मंदिर के सामने लगाया जाएगा।


