महासमुंद की सृष्टि आज परीक्षा पे चर्चा में पीएम मोदी से करेंगी संवाद

भास्कर न्यूज| महासमुंद महासमुंद जिले के लिए 6 फरवरी का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चर्चित कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण में इस बार जिले की होनहार छात्रा सृष्टि साहू सीधे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संवाद करेंगी। दिल्ली में आयोजित होने वाले इस मुख्य कार्यक्रम के लिए सृष्टि का चयन राष्ट्रीय स्तर पर किया गया है, जिससे पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। शुक्रवार को सुबह 10 बजे से होगा सीधा प्रसारण होगा। प्रधानमंत्री मोदी विद्यार्थियों में आत्मविश्वास जगाने और परीक्षा के तनाव को दूर करने के लिए सुबह 10 बजे से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम को अलग अलग माध्यम से लाइव देख सकते हैं, जिसमें दूरदर्शन और रेडियो चैनल,यूट्यूब और फेसबुक लाइव, पीएम ई-विद्या टीवी एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म शामिल हैं। जिला मिशन समन्वयक (समग्र शिक्षा) रेखराज शर्मा ने बताया कि जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में कार्यक्रम दिखाने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। इसको लेकर जिले भर में व्यापक तैयारियां की गई है। जहां स्मार्ट क्लास और प्रोजेक्टर के माध्यम से स्कूलों में सीधे प्रसारण के लिए टीवी और प्रोजेक्टर की व्यवस्था की गई है। केवल छात्र ही नहीं, बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जा रहा है, ताकि वे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को समझ सकें। विकासखंड स्तर पर भी सार्वजनिक स्थलों पर प्रसारण की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रेरक सत्र का लाभ उठा सकें। 9 वर्षों से निरंतर जारी है अभियान: विद्यार्थियों को परीक्षा के डर से मुक्त कर उन्हें एग्जाम वॉरियर बनाने के उद्देश्य से पीएम मोदी पिछले 9 वर्षों से यह अनूठी पहल कर रहे हैं। इस वर्ष सृष्टि साहू की भागीदारी ने छत्तीसगढ़ और महासमुंद के गौरव को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित कर दिया है। जानिए, कौन हैं सृष्टि साहू सृष्टि साहू महासमुंद शहर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (नयापारा) की कक्षा 12वीं (गणित संकाय) की छात्रा हैं। अपनी प्रतिभा के दम पर उन्होंने देश भर के लाखों विद्यार्थियों के बीच अपनी जगह बनाई है। अब वह दिल्ली के मंच से प्रधानमंत्री मोदी के सामने महासमुंद का प्रतिनिधित्व करेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *