बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के मानसिक तनाव को कम करने और उन्हें सफलता के गुर सिखाने के लिए शिक्षा विभाग ने लक्ष्य महासमुंद कार्यक्रम के तहत विशेष पहल की है। शिक्षा विभाग ने जिले के अनुभवी व्याख्याताओं की एक टीम बनाई है, जो सीधे छात्रों की समस्याओं का समाधान करेंगे। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के आयोजित कक्षा दसवीं और बारहवीं के बोर्ड परीक्षा अब केवल 15 दिन ही शेष हैं। विद्यार्थी अब परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। बोर्ड परीक्षा में जिले के बेहतर प्रदर्शन के लिए शिक्षा विभाग भी विशेष पहल कर रहा है। परीक्षा की तैयारी में जुटे विद्यार्थियों के मानसिक तनाव और तैयारी से संबंधित समस्याओं को दूर करने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की टीम बनाई है। ये सभी छात्राओं को उनके समस्याओं के समाधान करने में सहयोग करेंगे। इससे छात्रों को परीक्षा से संबंधित तनाव से राहत मिल सकेगी। शिक्षा विभाग सत्र के शुरूआत से ही बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने की तैयारी में जुटा है। इसके लिए दिसंबर महीने में सभी प्राचार्यों की बैठक लेकर उन्हें सभी कोर्स जल्द पूरा कराने और रिविजन शुरू करने के निर्देश िदए गए थे। अब जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे और समग्र शिक्षा के जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा के निर्देशन में लक्ष्य महासमुंद कार्यक्रम शुरू किया गया।


