शिविर में 175 लोगों की जांच की गई जरूरतमंदों को मुफ्त में चश्मा भी दिए

भास्कर न्यूज | कवर्धा ग्राम बेहरा स्थित नवकार परिसर गौशाला सिर्फ गौसेवा का ही नहीं, बल्कि मानव सेवा का भी बड़ा केंद्र बन गई है। यहां पिछले दिनों आयोजित निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने आंखों की जांच कराई। जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मा वितरित किया गया। इस शिविर में कुल 175 लोगों की आंखों की जांच की गई। इसमें बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं और ग्रामीण शामिल रहे। आंखों की जांच के बाद जरूरतमंदों को मौके पर ही मुफ्त चश्मा उपलब्ध कराया गया। रायपुर के प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ डॉ. आनंद सक्सेना और उनकी 10 सदस्यीय टीम ने अत्याधुनिक मोबाइल वेन के माध्यम से आंखों का परीक्षण किया। शिविर में कई मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान हुई, जिनका रायपुर स्थित हॉस्पिटल में निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। शिविर में रायपुर के सुमीत ग्रुप का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी सुरेश कांकरिया, पदम गोलछा, सम्पत झाबक, सीए प्रकाश मालू सहित नवकार परिसर गौशाला परिवार से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे। गौशाला में सेवा का नया आयाम शुरू हुआ नवकार परिसर गौशाला का संचालन अखिल भारतीय साधुमार्गी शांत क्रांति जैन श्रावक संघ के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। लायंस क्लब के अध्यक्ष एमजेएफ लायन प्रेमचंद श्रीश्रीमाल के बड़े भाई प्रकाश चंद्र श्रीश्रीमाल द्वारा गौशाला का संचालन किया जा रहा है। बताया गया कि गौशाला में वर्तमान में लगभग 170 गायों की समुचित देखभाल की जा रही है। यहां सभी गायें स्वस्थ हैं और भविष्य में गायों के इलाज के लिए एक पशु अस्पताल भी स्थापित किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *