भास्कर न्यूज | रायगढ़ सम्बलपुरी के सरपंच और ग्रामीणों ने अवैध मिट्टी खनन को लेकर कलेक्टर से लिखित शिकायत की है। आरोप है कि प्लास्टिक फैक्ट्री के बगल हरिओम अग्रवाल द्वारा रात के समय पोकलेन मशीन से अवैध उत्खनन किया जा रहा है और 4-5 हाईवा वाहनों में मिट्टी लोड कर रायगढ़ में बेची जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी खनिज विभाग और संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम सभा के प्रस्ताव क्रमांक 24 के तहत सम्बलपुरी और आश्रित ग्राम बादपाली में बाहरी व्यक्तियों के लिए मिट्टी एवं बालू उत्खनन पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस पर भी खनिज अधिकारी ने अभी तक रोकथाम के लिए कोई कदम नहीं उठाया। ग्रामीण कार्रवाई की मांग करते हुए पूर्ण प्रतिबंध लगाने की अपील कर रहे हैं।


