सर्जरी के बाद युवक की हुई मौत परिजन बोले- इलाज में लापरवाही

भास्कर न्यूज | राउरकेला गुरुवार को राउरकेला स्थित अपोलो अस्पताल में उस समय तनाव फैल गया, जब इलाज के दौरान एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया। मृतक के परिजनों ने चिकित्सा लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया, जिससे अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों के साथ उनकी तीखी झड़प हो गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय नीतीश अवतार के रूप में हुई है, जो शीतल नगर का निवासी था। परिजनों के अनुसार, करीब डेढ़ महीने पहले डीजल कॉलोनी क्षेत्र में सांड के हमले में नीतीश गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद से उसका इलाज अपोलो अस्पताल में चल रहा था। परिजनों का कहना है कि बुधवार को नीतीश की सर्जरी की गई। ऑपरेशन से पहले अस्पताल प्रबंधन द्वारा उनसे एक निश्चित राशि जमा करने को कहा गया था। हालांकि, आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार समय पर पूरी रकम का इंतजाम नहीं कर सका। गुरुवार सुबह, 5 फरवरी को इलाज के दौरान नीतीश की हालत अचानक बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। शोकाकुल परिजनों ने आरोप लगाया कि समय पर और उचित इलाज नहीं दिया गया तथा आर्थिक तंगी को इलाज में देरी का कारण बनाया गया। इसको लेकर उनका गुस्सा प्रदर्शन में बदल गया और अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इस दौरान मरीजों के परिजनों और सुरक्षा गार्डों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *