रायगढ़ | गुरुवार की सुबह गौशाला पारा स्थित महिला समृद्धि बाजार के पास नाले में एक अधेड़ की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अविनाश शर्मा (40) निवासी सरिया के रूप में हुई है। वह लंबे समय से मंगलम मैरिज घर में वाहन चलाने का काम करता था। मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, समृद्धि बाजार की छत पर मृतक के कपड़े और चप्पल मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि बीती रात शराब के नशे में छत पर बैठने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह गिरकर घायल हुआ और उसकी मौत हो गई। अविनाश शर्मा गरीब परिवार से थे और उनके पांच बच्चे हैं—तीन बेटियां और दो बेटे। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।


