भास्कर न्यूज | लुधियाना महानगर में लूट की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। ताजा मामले में ई-कॉमर्स कंपनी के एक डिलीवरी ब्वॉय को झांसा देकर दो कीमती पार्सल लूट लिए गए। वारदात दिनदहाड़े हुई और आरोपी बिना भुगतान किए सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित मनजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह ई-कार्ट कंपनी के जरिए फ्लिपकार्ट के पार्सल डिलीवर करता है। 27 जनवरी को उसके पास दो महंगे पार्सल थे। एक पार्सल की कीमत 35,285 रुपये और दूसरे की 46,135 रुपये थी। दोनों पार्सल हरमीत सिंह नाम के ग्राहक के नाम पर बुक थे। मनजीत के मुताबिक जब उसने ग्राहक के दिए नंबर पर कॉल की, तो उसे गली नंबर 8, बंद पेट्रोल पंप वाली गली के पास बुलाया गया। वह बताए गए स्थान पर पहुंचा तो माया शॉप की तरफ से एक युवक पैदल उसके पास आया, जबकि उसका दूसरा साथी कुछ दूरी पर एक्टिवा स्टार्ट कर खड़ा था। जैसे ही मनजीत ने पार्सल दिखाने के लिए हाथ बढ़ाया, पैदल आए युवक ने झपट्टा मारकर दोनों पार्सल छीन लिए। इसके बाद वह दौड़कर अपने साथी के साथ एक्टिवा पर बैठा और मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि डिलीवरी ब्वॉय संभल भी नहीं पाया। घटना की सूचना मिलते ही थाना शिमलापुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान हरजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।


