भास्कर न्यूज | लुधियाना छात्रों की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए लुधियाना पुलिस ने जालंधर बाईपास स्थित ग्रीनलैंड सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल के बाहर स्पेशल चेकिंग अभियान चलाया। इस विशेष ड्राइव की अगुवाई एडीसीपी ट्रैफिक गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने ट्रैफिक पुलिस टीमों के साथ की। अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूल के आसपास असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाना और छात्राओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना रहा। चेकिंग के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर कुल 37 चालान किए, वहीं एक वाहन को जब्त भी किया गया। छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस टीमों ने स्कूल के बाहर बिना वजह घूम रहे युवकों की जांच की और उन्हें सख्त चेतावनी दी। छात्राओं के स्कूल आने-जाने के समय विशेष निगरानी रखी गई। तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे मोटरसाइकिल चालकों पर भी कार्रवाई की गई, क्योंकि ऐसे शोर से पढ़ाई का माहौल प्रभावित होता है। इसके अलावा स्कूल के बाहर लगे रेहड़ी-फड़ी वालों की भी जांच की गई, ताकि युवाओं को किसी भी तरह के प्रतिबंधित पदार्थ या अवैध सामान की बिक्री न हो। एडीसीपी ट्रैफिक गुरप्रीत कौर पुरेवाल ने कहा कि पुलिस का मकसद छात्रों को सुरक्षित माहौल देना है। उन्होंने बताया कि इस तरह की सरप्राइज चेकिंग आगे भी शहर के अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना हेल्पलाइन नंबरों पर देने की अपील की है।


