भास्कर न्यूज | लुधियाना जमालपुर इलाके में पालतू कुत्ते को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। पड़ोसियों के बीच हुए इस झगड़े में एक महिला और उसके पति पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिसमें महिला का सिर फट गया। हमले की यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घायल चरणजीत कौर ने बताया कि वह गली में अपने कुत्ते द्वारा की गई गंदगी को साफ कर रही थी, तभी पड़ोसी बलवीर सिंह ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर आरोपी धमकियां देने लगा और देखते ही देखते उसने पथराव शुरू कर दिया। शोर सुनकर जब चरणजीत का पति बीच-बचाव करने बाहर आया, तो हमलावरों ने उन पर भी ईंटें बरसाईं। एक ईंट चरणजीत के सिर पर लगने से वह लहूलुहान होकर गिर गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमले के दौरान उनकी दुकान के शीशे भी तोड़ दिए गए। स्थानीय लोगों ने घायल दंपती को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला के सिर पर टांके लगाए गए हैं। परिवार ने आरोपी पड़ोसी से जान का खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। थाना जमालपुर पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली गई है और मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


